वेतन न मिलने पर सोमवार से विवि में धरना शुरू करने की दी चेतावनी
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) शिमला के शिक्षक और गैर शिक्षक कर्मचारी एक मई को वेतन जारी न होने पर फिर से आंदोलन पर उतर गए हैं। दो माह पहले भी वेतन समय पर न मिलने के कारण कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया था।
वहीं शिक्षक और गैर शिक्षक कर्मचारियों ने शनिवार को दोपहर बाद कुलपति कार्यालय के बाहर एकत्र होकर रैली निकाली और प्रदर्शन किया। इसमें शिक्षक संघ हपुटवा के अध्यक्ष डाॅ. नीतिन व्यास, डाॅ. जोगिंद्र सकलानी, अधिकारी संघ के महासचिव नरेश शर्मा, पूर्व ईसी सदस्य राज कुमारी, गैर शिक्षक संघ के उपाध्यक्ष ललित कुमार सहित अन्य कर्मचारी नेता शामिल रहे।
कर्मचारी नेताओं ने प्रदर्शन के बाद प्रति कुलपति प्रो. राजिंद्र वर्मा से मुलाकात कर पहले की तरह हर माह की एक तारीख को खातों में वेतन डालने की व्यवस्था करने की मांग की। साथ ही अप्रैल माह का वेतन तुरंत जारी करने का आग्रह किया है।
कर्मचारियों और शिक्षकों ने कहा कि विश्वविद्यालय के सैकड़ों कर्मचारियों को दो मई बीत जाने के बाद भी वेतन नहीं मिला है। प्रदेश के
सभी सरकारी कर्मचारियों का वेतन जारी हो चुका है लेकिन विवि के कर्मचारियों को समय से वेतन भुगतान नहीं किया जा रहा है। इस कारण उन्हें हर माह सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। डाॅ. नीतिन व्यास ने कहा कि वेतन भुगतान में हो रही देरी के लिए शिक्षा सचिव और निदेशक उच्च शिक्षा मुख्य रूप से जिम्मेदार हैं। विश्वविद्यालय की वेतन की फाइल 10 दिन से साइन नहीं की गई है। कर्मचारियों ने चेताया कि यदि सोमवार तक सभी कर्मचारियों के खातों में वेतन नहीं आया तो विवि कुलपति कार्यालय के बाहर धरना दिया जाएगा। प्रदर्शन में शिक्षक संघ से डॉ. कुलदीप कटोच, डॉ. जोगिंद्र सकलानी, डॉ. अंकुश, डॉ. रामलाल, डॉ. अनिल, डॉ. रमेश, डॉ. शशिकांत, डॉ. रीतिका, डॉ. गौरव, डॉ. सुशीला नेगी और डॉ. अशोक बंसल शामिल रहे।