सुरेश भारद्वाज ने नगर निगम पालमपुर की बैठक में भाग लिया।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में नवगठित नगर निगम पालमपुर को लेकर शहरी विकास, नगर नियोजन एवं आवास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने इसके सरंचनात्मक एवं प्रशासनिक रूपरेखा और निगम के संचालन के अन्य जरूरतों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने पालमपुर नगर निगम की रूपरेखा को लेकर अधिकारियों से इसकी रिपोर्ट भी ली। कहा कि धर्मशाला समेत प्रदेश के तीन नवगठित नगर निगमों में चुनाव की प्रक्रिया आठ अप्रैल से पूर्व होगी। मंत्री ने कहा कि पालमपुर निगम क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए दो करोड़ से अधिक की धनराशि उपलब्ध करवाई गई है।
विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है। पालमपुर के नगर निगम बनने से इसमें शामिल क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट, मल निकासी, ठोस कचरा प्रबंधन आदि कई प्रकार योजनाओं का लाभ मिलेगा। प्रदेश के दो शहर शिमला और कुल्लू को अमृत मिशन में शामिल किया गया है। आने वाले समय में अमृत मिशन फेज दो में प्रदेश के सभी निगम क्षेत्रों को भी शामिल किया जाएगा। भारद्वाज ने कहा कि सरकार ने शहरीकरण को देखते हुए तीन शहरों मंडी, पालमपुर और सोलन को नगर निगम का दर्जा दिया गया है। सात नगर पंचायतों तथा एक नगर परिषद बनाया है।
शहरी विभाग के निदेशक राम कुमार ने निगम क्षेत्र में शहरी विकास विभाग की योजनाओं की जानकारी दी। नगर निगम पालमपुर के आयुक्त पंकज शर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और नव सृजित नगर निगम की संरचना के बारे में विस्तृत ब्योरा रखा। भाजपा प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर, पूर्व विधायक दूलोराम, पूर्व विधायक प्रवीण शर्मा, पर्यटन प्रकोष्ठ के संयोजक विनय शर्मा, अरविंद शर्मा, सचिन वर्मा, एसडीएम पालमपुर धर्मेश रामोत्रा, डीएसपी पालमपुर अमित शर्मा समेत सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
भाजपा का बनेंगे पहला मेयर व डिप्टी मेयर
पालमपुर में नगर निगम की समीक्षा बैठक से शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने नगर निगम के में आने वाले व आसपास इलाकों के भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इसमें नगर निगम चुनाव को जीतने की बात कही गई। कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कुशल नेतृत्व और प्रदेश हो रहे अथाह विकास के चलते सभी निगमों में भाजपा के मेयर और डिप्टी मेयर जीत कर सामने आएंगे। पालमपुर में पहला मेयर व डिप्टी मेयर भाजपा के बनेंगे।