हिमाचल की चार लोकसभा सीटों पर चुनाव के लिए शनिवार को अधिसूचना जारी कर दी गई। इसके साथ ही प्रदेश में आज से नामांकन प्रक्रिया भी शुरू हो गई। पहले दिन मंडी सीट से माकपा के एक और शिमला सीट से बसपा के दो प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया।
दूसरी ओर, सुजानपुर विधानसभा उप चुनाव के लिए भी अधिसूचना जारी की गई, लेकिन पहले दिन किसी ने नामांकन नहीं कराया। प्रदेश में लोकसभा की चार सीटों और विधानसभा की एक सीट के लिए सात मई को वोट डाले जाएंगे।
शनिवार को कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर और शिमला संसदीय सीट के रिटर्निंग आफिसरों की ओर से चुनाव अधिसूचना जारी कर दी गई। इसके साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। मंडी सीट से माकपा प्रत्याशी कुशाल भारद्वाज ने अपना पर्चा दाखिल किया।