प्रदेश चुनाव आयोग के सचिव सुरजीत सिंह ने कहा कि पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव को लेकर आयोग शीघ्र फैसला लेगा। पंचायत चुनाव के दौरान कोरोना संक्रमण से निपटने को चुनाव आयोग ने दिशा-निर्देश भी तैयार कर लिए हैं। राज्य चुनाव आयोग के सचिव ने शुक्रवार को अमर उजाला से बातचीत में कहा कि पंचायत चुनाव को लेकर चुनाव आयोग शीघ्र फैसला लेगा। कोरोना काल में चुनाव करवाने के सवाल पर सचिव ने कहा कि आयोग ने चुनाव के दौरान करोना संक्रमण से निपटने को दिशा-निर्देश तैयार कर लिए हैं।
उल्लेखनीय है कि सरकार और ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री वीरेंद्र कंवर पहले ही कह चुके हैं कि पंचायत चुनाव के लिए पूरी तैयारियां की जा चुकी हैं। अब राज्य चुनाव आयोग को चुनाव की तारीख घोषित करनी है। सरकार ने चुनाव कराने के लिए गेंद चुनाव आयोग के पाले में डाल दी है। देखना यह है कि अब आयोग कोरोना संक्रमण के चलते पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव की तारीख कब घोषित करता है।