चुनाव आयोग ने हिमाचल स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सुरेश सोनी को आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में नोटिस भेजा है। चुनाव आयोग ने नोटिस जारीकर सोनी से जल्द ही अपना पक्ष रखने के लिए कहा है।
डॉ. सुरेश सोनी पर आरोप है कि उन्होंने उपचुनाव के दौरान सरकारी गाड़ी का प्रयोग कर आचार संहिता का उल्लंघन किया है। उपचुनाव में सरकारी गाड़ी के प्रयोग करने की शिकायत एक व्यक्ति ने मुख्य चुनाव अधिकारी को की थी।
शिकायत मिलने के बाद मुख्य चुनाव अधिकारी ने जांच के लिए इसे जिला निर्वाचन अधिकारी कांगड़ा को भेजा था। मुख्य चुनाव अधिकारी की ओर से शिकायत मिलने पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष को नोटिस भेजकर जवाब मांगा है।
वहीं, इस संदर्भ में जिला निर्वाचन अधिकारी कांगड़ा राकेश प्रजापति ने कहा कि मुख्य चुनाव अधिकारी के कार्यालय को मिली शिकायत के आधार पर स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष को नोटिस जारीकर जवाब मांगा गया है। मामले की जांच की जा रही है।