हिमाचल प्रदेश में लोकसभा चुनाव के लिए निर्वाचन आयोग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों के लिए प्रयुक्त होने वाली फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का एक जनवरी 2024 की अहर्ता तिथि के आधार पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण करवाया जा रहा है। यह जानकारी निर्वाचन विभाग के प्रवक्ता ने शनिवार को दी। निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों, सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों, बूथ स्तर के पर्यवेक्षकों व अधिकारियों को निर्वाचन पंजीकरण नियमों और सूचना प्रौद्योगिकी एप्लीकेशन के प्रयोग से संबंधित प्रशिक्षण 01 जून से 20 जुलाई, 2023 तक करवाया जा रहा है। 21 जुलाई से 21 अगस्त तक बूथ स्तर पर अधिकारी घर-घर जाकर मतदाता सूचियों का सत्यापन करेंगे।
22 अगस्त से 29 सितंबर तक मतदान केंद्रों का युक्तिकरण, पुनर्व्यवस्था, मतदाता सूचियों और फोटो पहचान पत्रों की त्रुटियों का निपटारा, निम्न गुणवत्ता, धुंधले तथा मतदाताओं के फोटो से भिन्न फोटो को उच्च गुणवत्ता वाले सही फोटो से परिवर्तित करना, अनुभागों और भागों की पुनर्सरंचना, मतदान केंद्रों की सीमा व स्थिति का पुनर्निधारण और मतदान केंद्रों की अंतिम सूची का भारत निर्वाचन आयोग से अनुमोदन, मतदाता सूचियों की कमियों की जांच और कमियों के समयबद्ध निपटारे के लिए कार्यनीति का निर्धारण तथा कंट्रोल टेबलों का अद्यतन किया जाएगा। 30 सितंबर से 16 अक्तूबर तक अनुपूरक सूची और एकीकृत मतदाता सूचियों का प्रारूप तैयार किया जाएगा। 17 अक्तूबर को प्रारूप प्रकाशन किया जाएगा। 17 अक्तूबर से 30 नवंबर तक दावे व आक्षेप दाखिल करने की अवधि निर्धारित की गई है। 26 दिसंबर को दावे व आक्षेपों का निपटारा किया जाएगा। पांच जनवरी 2024 को फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।