हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला में केंद्रीय छात्र संघ के चुनाव 22 सितंबर को होंगे। सीयू ने केंद्रीय छात्र संघ चुनावों को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है। अधिसूचना जारी होने के बाद ही विवि परिसर में आचार संहिता लागू कर दी गई है। विवि ने इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के आदेश भी जारी कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार केंद्रीय छात्र चुनावों को लेकर कई विभागों के स्कूलों में कम विद्यार्थियों की संख्या होने के चलते निर्वाचन के लिए दो स्कूलों को इकट्ठा किया गया है। विभिन्न विभागों के 897 विद्यार्थियों के लिए कुल 40 प्रतिनिधि बनाए जाएंगे। इनमें 20 प्रतिनिधि नामित किए जाएंगे, जबकि 20 सीटों पर चुनाव होगा।
सीयू के व्यवसाय एवं प्रबंधन अध्ययन स्कूल में 192 विद्यार्थी हैं, जबकि चार सीटों पर चुनाव होगा। पृथ्वी एवं पर्यावरण विज्ञान स्कूल में 72 विद्यार्थियों के लिए दो, मानविकी एवं भाषा स्कूल और शिक्षा स्कूल में 111 विद्यार्थियों के लिए तीन, पत्रकारिता, जनसंचार एवं नवमीडिया स्कूल में 43 विद्यार्थियों के लिए एक, जैविक विज्ञान स्कूल में 61 विद्यार्थियों के लिए एक प्रतिनिधि का चुनाव होगा।
गणित, कंप्यूटर एवं सूचना विज्ञान स्कूल 150 विद्यार्थियों के लिए तीन, भौतिक एवं पद्वार्थ विज्ञान स्कूल 95 विद्यार्थियों के लिए दो, समाज विज्ञान स्कूल में 105 विद्यार्थियों के लिए दो और पर्यटन, यात्रा एवं आतिथ्य प्रबंधन स्कूल 68 विद्यार्थी दो प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे।