डंगार में घर के पास महिला को बैल ने पटक कर किया गंभीर रूप से घायल
निजी स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। उपतहसील भराड़ी के डंगार कस्बे में लावारिस बैल के हमले में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। बुधवार दोपहर घर के नजदीक मौजूद महिला पर अचानक बैल ने हमला कर दिया। बैल ने उन्हें पटककर गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजन उन्हें तुरंत नजदीकी निजी स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान परसीनो देवी पत्नी स्वर्गीय रूपलाल निवासी गांव डंगार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब तीन बजे परसीनो देवी अपने घर के पास मौजूद थीं। इसी दौरान एक लावारिस बैल ने उन पर हमला कर दिया। महिला के जमीन पर गिरने के बाद आसपास मौजूद महिलाओं ने बैल को भगाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद बैल को वहां से खदेड़ा गया। इसके बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए निजी स्वास्थ्य केंद्र ले गए, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। बताया जा रहा है कि हमले में महिला के पेट, बाजू और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं। हालांकि, इस संबंध में अभी तक पुलिस में कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है।
डंगार व्यापार मंडल के प्रधान संदीप जसवाल ने बताया कि कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में लावारिस बैलों की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। ग्रामीण इस संबंध में पहले ही पंचायत को शिकायत दे चुके थे। पंचायत ने प्रस्ताव पारित कर संबंधित विभाग को भी भेजा था। इसमें खतरनाक बैलों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की मांग की गई थी।
उन्होंने बताया कि बुधवार को ही विभाग की टीम डंगार पहुंची थी और लावारिस पशुओं को पकड़ने का प्रयास किया था, लेकिन खतरनाक बैलों को पकड़ने में सफलता नहीं मिली। इसके बाद टीम वापस लौट गई। इसी दिन दोपहर करीब तीन बजे बैल के हमले में बुजुर्ग महिला की जान चली गई।