निजी शिक्षण संस्थान विनियामक आयोग ने कार्यशाला का आयोजन किया।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश के निजी विश्वविद्यालयों में कौशल विकास के लिए नए कोर्स शुरू किए जाएंगे। निजी शिक्षण संस्थान विनियामक आयोग ने गुरुवार को शिमला में स्किल काउंसिल के सहयोग से आयोजित कार्यशाला में इस बाबत कुलपतियों को जागरूक किया। आयोग के अध्यक्ष मेजर जनरल सेवानिवृत्त अतुल कौशिक ने बताया कि नए कोर्स शुरू करने को निजी विश्वविद्यालयों के साथ जल्द एमओयू किए जाएंगे। कार्यशाला में बताया गया कि उद्योगों की जरूरतों के अनुसार विद्यार्थियों का कौशल विकास करने के लिए नए कोर्स शुरू किए जाएंगे। टूरिज्म, मीडिया, क्लाइमेट चेंज, डिजास्टर मैनेजमेंट जैसे विषयों के कोर्स शुरू किए जाएंगे। शिक्षा मंत्रालय के सेवानिवृत्त आर्थिक सलाहकार सुबाराव ने कहा कि वर्ष 2025 तक भारत में कौशल विकास के क्षेत्र में 50 लाख रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि हिमाचल के युवा प्रतिभाशाली हैं। सिर्फ कौशल विकास की जरूरत है। कार्यशाला के दौरान कोर्स शुरू करने की प्रक्रियाओं, उनकी अवधि आदि को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। आयोग के अध्यक्ष मेजर जनरल सेवानिवृत्त अतुल कौशिक ने बताया कि जम्मू कश्मीर के विद्यार्थियों को प्रदेश के निजी विश्वविद्यालयों में प्रशिक्षण देने और दोनों राज्यों के बीच विचारों के आदान प्रदान के लिए भी एक नई पहल करने का फैसला लिया गया है। इस दौरान आरट्रैक शिमला के कर्नल अभिषेक ने उच्च शिक्षा के लिए भारतीय सेना की जरूरतों से अवगत कराया। कार्यशाला में स्किल काउंसिल की ओर से कैप्टन रामानुजम, राजन बहादुर, मोहित सोनी, सुनीता सहित कई अन्य शामिल हुए।