लालपानी स्कूल का गोविंद ने किया निरीक्षण, भवन का जीर्णोद्धार करवाने का दिया आश्वासन
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर ने सोमवार सुबह साढ़े ग्यारह बजे लालपानी ब्वॉयज स्कूल का निरीक्षण किया। उन्होंने क्लास रूम, पूरे परिसर और शौचालयों तक में साफ सफाई देखी तथा कोविड से बचाव को लेकर किए प्रबंधों का जायजा लिया।
उन्होंने सुबह के सत्र में दसवीं कक्षा में 41 में से पहले बीस छात्रों के बीच जाकर उनसे बातचीत की। पूछा कि स्कूल अच्छा है या घर से पढ़ाई करना सही लगता है, छात्रों ने जवाब दिया कि स्कूल अच्छा है। शिक्षा मंत्री, प्रधानाचार्य राम कृष्ण मारकेंडेय और शिक्षकों से भी मिले। भौतिकी विषय के शिक्षक जोगिंद्र कुमार ने बताया कि ऑनलाइन पढ़ाते हुए वह सहज महसूस नहीं करते थे। केमिस्ट्री की प्रवक्ता सारिका ने कहा कि ऑनलाइन लेक्चर, स्लाइड, वीडियो बनाने, एडिट कर तैयार करने में घंटों का समय लग जाता है, अब यह समय पढ़ाने में लगाएंगे। कहा कि गरीब जरूरतमंद बच्चों को ऑनलाइन पढ़ाई के लिए मोबाइल डोनेट करने को डिजिटल साथी कार्यक्रम शुरू किया है, इसमें हर कोई सहयोग कर सकता है। एक निजी संस्था ने 2100 मोबाइल छात्रों को वितरित करने की पेशकश की है। उन्होंने स्वयं भी सौ मोबाइल दिए हैं। नई शिक्षा नीति से शिक्षण कार्य में और गुणात्मक सुधार होगा। शिक्षा मंत्री ने स्कूल भवन के जीर्णोद्धार के लिए जल्द प्राक्कलन तैयार करने को कहा। स्कूल में अतिरिक्त शौचालयों के निर्माण करवाने, नए भवन के लिए फर्नीचर की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।
मंत्री को भी थर्मल स्क्रीनिंग
के बाद दिया स्कूल में प्रवेश
शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने बताया कि लालपानी स्कूल में कोरोना से बचाव के लिए अच्छे प्रबंध किए हैं। बताया कि उन्हें भी स्कूल में थर्मल क्रीनिंग और हाथ सैनिटाइज करने के बाद प्रवेश दिया गया। स्कूल के गेट पर थर्मल स्क्रीनिंग प्रयोगशाला सहायक निर्मला कर रही थीं। शिक्षा मंत्री ने स्कूल की इस सख्ती के लिए सराहना की। बताया कि हिमाचल का यह सबसे पुराना स्कूल है, इसे 1848 में खोला था। कहा कि बच्चे और शिक्षक बहुत खुश हैं, ऐसा लग रहा है न जाने कितनी सदियों के बाद वह मिले हैं।