हिमाचल के कुल्लू और चंबा जिले में शुक्रवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप के झटके सुबह करीब 10 बजकर 48 मिनट पर महसूस हुए। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 2.7 मापी गई।
इ सका केंद्र कुल्लू जिला में जमीन के भीतर पांच किलोमीटर गहराई पर था। भूकंप के किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह ने इसकी पुष्टि की है।
वहीं, चंबा जिले में एक ही दिन में दो बार भूकंप आया है। तीन दिन में चार बार भकंप के झटके महसूस हुए। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजकर 42 मिनट पर चंबा में हिमाचल और जम्मू-कश्मीर सीमा पर भूकंप के झटके महसूस किए गए।
भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.1 मापी गई। इसके बाद शाम करीब चार बजकर 37 मिनट पर फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.1 मापी गई। भूकंप का केंद्र हिमाचल और जम्मू-कश्मीर सीमा पर जमीन के अंदर 10 किमी गहराई पर था।
इससे पहले 27 फरवरी को जम्मू-कश्मीर से सटे चंबा जिले के कुछ क्षेत्रों में भूकंप के झटके महसूस हुए। 26 फरवरी को भी जिले में भूकंप के झटके महसूस किए गए।