शराब मामले में पकड़े गए आरोपी।
- फोटो : संवाद
हिमाचल में मिलावटी शराब के कारोबार में शराब के वितरण में अहम कड़ी निकला सुंदरनगर का कालू महज चालीस साल का है। शराब की काली कमाई से वह आठ-दस सालों में ही अकूत संपत्ति का मालिक बन बैठा। बताया जा रहा है कि वह बेहद गरीब परिवार से संबंधित है। शुरू में उसने परिवार का पेट पालने के लिए ऑटो चलाना शुरू किया। गुरबत से उठकर वह शार्टकट तरीके से अमीर बनना चाहता था। सूत्रों के अनुसार इसी दौरान उसने शराब की सप्लाई का काम शुरू किया। उसके बाद बस स्टेयरिंग थाम लिया। अपने नीचे क्षेत्र में अवैध शराब के लिए कुछ लड़के रख लिए। यहीं से उसने कमाना शुरू किया और अपनी बसें खरीद लीं। इसी दौरान वह प्रवीण और गौरव के संपर्क में आया और मिलावटी शराब बनाने का काम शुरू हुआ।
पहले हाइवे पर सस्ती और मिलावटी शराब बेची। बाद में यह नेटवर्क गांव-गांव पसर गया और मोटी कमाई होने लगी। देखते ही देखते सुंदरनगर उपमंडल की भनवाड़ पंचायत के छज्वार गांव का कालू नकली शराब के कारोबार में चमकता सितारा बन गया और प्रदेश और बाहर में वह मिलावटी शराब सप्लाई करने लगा। शराब के अवैध कारोबार से कालू ने अकूत संपत्ति बनाई है। उसके पास पांच बसें, दो ट्रक और दो जेसीबी हैं। कई जगह उसने मकान और बाहरी राज्यों में प्लॉट बना रखे हैं। शराब के कारोबार से करोड़ों की चल-अचल संपत्ति बनाई है। एसआईटी ने प्रारंभिक जांच में उसकी संपत्ति आय से अधिक पाई गई है। पुलिस ने दो दिन पहले उसकी एक बस अपने कब्जे में ली थी। कालू 12 साल से शराब का अवैध कारोबार कर रहा है।
आरोपी की कई जिलों से पकड़ी जा चुकी है करोड़ों की शराब
जहरीली शराब माफिया का मुख्य सरगना माना जा रहा पंचरुखी के गांव दत्तल का तथाकथित आरोपी गौरव मिन्हास (उर्फ गोरू) पर कांगड़ा सहित प्रदेश के अन्य जिलों में भी मामले दर्ज हैं। आरोपी से पुलिस अभी तक करोड़ों रुपये की शराब को अवैध तरीके से सप्लाई करते हुए पकड़ चुकी है। जहरीली शराब की सप्लाई का मुख्य सरगना माना जाने वाला गौरव मिन्हास जिला कांगड़ा के पंचरुखी का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि गौरव शुरुआती दौर से ही शराब के गोरखधंधे में संलिप्त था। पुलिस कई मर्तबा गौरव पर शराब की तस्करी में संलिप्त पाए जाने पर मामले दर्ज कर चुकी है। गौरव की करोड़ों रुपये की शराब को भी पुलिस अभी तक तस्करी के दौरान पकड़ चुकी है। बताया जाता है कि गौरव मिन्हास क्षेत्र में लग्जरी जीवन व्यतीत कर रहा था। बताया जा रहा है कि जहरीली शराब तस्करी के मामले में गिरफ्तार किए गए गौरव मिन्हास के पिता पंचायत सिंबल खोला के प्रधान हैं।
जहरीली शराब बेचने के मामले में पकड़े गए आरोपी के खिलाफ जिला कांगड़ा सहित अन्य जिलों में भी कई मामले दर्ज हैं। पुलिस कई मर्तबा आरोपी की गाड़ियों से शराब को बरामद कर चुकी है।
- डॉ. खुशहाल सिंह, एसपी कांगड़ा