रुस्तम योजना के तहत विद्यार्थियों को किया जागरूक अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। जिले की युवा पीढ़ी को नशे के दलदल से बचाने के लिए शिमला पुलिस ने रुस्तम योजना चलाई है। इसके तहत पुलिस विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दे रही है। इसका मकसद जिले के युवाओं को जागरूक करना है। सोमवार को एसएसपी गौरव सिंह ने इसी अभियान के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बालूगंज में विद्यार्थियों को जागरूक किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, इसके सामाजिक एवं मानसिक प्रभावों और इससे दूर रहने के बारे में जागरूक किया।
उन्होंने बताया कि सिंथेटिक ड्रग का नशा इतना खतरनाक है कि एक बार सेवन करने से ही युवा उसकी लत का शिकार हो सकते हैं। इससे युवाओं का सुनहरा भविष्य बर्बाद हो जाता है। इसका असर उनके परिवार की आर्थिक और सामाजिक प्रतिष्ठा पर भी पड़ता है। विद्यार्थियों को नशा तस्करों के ऐसे किसी भी जाल में नहीं फंसना है। इस दौरान उन्होंने बच्चों के पूछे गए सवालों के जवाब दिए।