ये कैसा जाम...एनएच खुलने के बाद टकोली टोल प्लाजा में लगी वाहनों की कतारें। संवाद
पंडोह (मंडी)। किरतपुर-मनाली फोरलेन के 35 घंटे के बाद बहाल होने से बीच रास्ते में फंसे वाहन चालकों, यात्रियों और लोगों ने राहत की सांस ली है। फोरलेन को सोमवार दोपहर बाद करीब 3:00 बजे यातायात के लिए बहाल किया जा सका।
फाेरलेन पंडोह से लेकर नगवाईं तक कई स्थानों पर भूस्खलन से पूरी तरह अवरुद्ध हो गया था। अभी कई जगहों पर यातायात केवल एकतरफा ही बहाल हो पाया है। फोरलेन के बहाल होने के बाद फंसे मालवाहक वाहनों के चालकों ने राहत की सांस ली। वाहन चालक बार-बार फोरलेन खुलने का अपडेट ले रहे थे। मूसलाधार बारिश के कारण रविवार सुबह 4:00 बजे से पंडोह बांध के पास, कैंची मोड़, जोगणी मोड़, हणोगी ब्रिज, झलोगी और थलौट (शालानाला) में पहाड़ों से चट्टानें और मलबा गिरने लगा। इससे फोरलेन पूरी तरह से बंद हो गया। लोक निर्माण विभाग और एनएचएआई की मशीनों ने मलबा हटाने का कार्य शुरू किया, लेकिन गिरते पत्थरों के कारण बहाली कार्यों में बाधा आई।
रविवार शाम तक जोगणी मोड़ और हणोगी ब्रिज और अन्य स्थानों के पास मार्ग आंशिक रूप से बहाल कर दिया गया था, लेकिन दवाडा और झलोगी के पास भारी मलबा हटाने में दिक्कतें पेश आईं। सोमवार दोपहर करीब 1:00 बजे झलोगी में मार्ग खुलने ही वाला था कि अचानक फिर से पत्थर गिरने लगे। आखिरकार दोपहर बाद 3:00 बजे मार्ग को बहाल कर दिया गया।
उधर, वैकल्पिक मार्गों की स्थिति भी खराब है। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है। मंडी-कुल्लू वाया कटौला मार्ग में कनौज के पास वाहन फंस रहे हैं। पंडोह पुलिस चौकी प्रभारी अनिल कटोच ने बताया कि सफर करने वालों को अत्यधिक सावधानी बरतने की जरूरत है।