प्रदेश सरकार का ‘अपनी शानदार उपलब्धियों भरी स्वर्णिम विकास यात्रा’ नाम से शुरू किया प्रचार बीते तीन माह में हुए कई घटनाक्रमों में गुम हो गया है। सरकार का गुडवर्क होशियार सिंह, गुड़िया और अब गद्दी प्रकरण से उपजे सियासी विवादों की भेंट चढ़ता दिख रहा है। सरकारी तंत्र की नाकामी खुलकर सामने आई है। ऐसे में सरकार के लिए सियासी मंच पर अपनी उपलब्धियां गिनाने से अधिक डैमेज कंट्रोल मजबूरी बन गया है।
भाजपा ही नहीं, कांग्रेस संगठन के परोक्ष फ्रंट से भी सरकार जूझती दिख रही है। उधर, प्रचार के फ्रंट पर एक कदम आगे चल रही भाजपा को अब सरकार अपने पांच वर्ष के गुडवर्क से पीछे धकेलने की कोशिश में है। विधानसभा चुनाव का काउंटडाउन शुरू होने वाला है। सरकार चुनाव में अपने इस कार्यकाल को भुनाने की तैयारी में है।
इसके लिए प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने के लिए जनसंपर्क का खाका भी खींचा गया है। बीते साढ़े चार साल में दो सौ से अधिक उल्लेखनीय उपलब्धियों का प्रचार शुरू किया गया है, लेकिन सरकार को भाजपा सियासी विवादों से बाहर निकलने का मौका ही नहीं दे रही। फॉरेस्ट गार्ड होशियार सिंह की मौत का मामला दो माह बाद भी सुर्खियोें में है। कोटखाई की गुड़िया से दुराचार और हत्या पर सियासत जारी है।
सरकार ने भले ही सीबीआई को जांच सौंप कर भाजपा पर पलटवार किया, लेकिन मामले पर से सियासी रंग उतरता नहीं दिख रहा। भाजपा सोची समझी रणनीति के तहत मुख्यमंत्री को टारगेट कर रही है। सार्वजनिक मंचों से मुख्यमंत्री का भाजपा पर हमला अकसर उन्हीं पर उलटा पड़ता जा रहा है।
गुड़िया प्रकरण में सीएम के कई बयानों पर भाजपा उन्हें घेरने में काफी हद तक कामयाब रही। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से जोड़कर सीएम का गद्दी समुदाय पर ताजा बयान उलटा पड़ गया। भाजपा के बैनर तले एकत्रित हुए गद्दी नेताओं पर लाठीचार्ज भारी पड़ गया। सरकार ने डैमेज कंट्रोल के लिए गद्दी बोर्ड के सदस्य दोगुना से अधिक बढ़ाने के साथ कई तोहफों से नवाज दिया, लेकिन विवाद ठंडा नहीं पड़ा है।