हिमाचल में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) में सेवाएं दे रहे सैकड़ों कर्मचारियों, डॉक्टरों, नर्सों और अधिकारियों को स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों के तर्ज पर नियमित पे स्केल मिल सकता है। एनएचएम ने इसका ड्राफ्ट तैयार कर लिया है। इसे मंजूरी के लिए प्रदेश सरकार को भेजा जाएगा। ड्राफ्ट को स्वीकृति मिलती है तो करीब 2,000 कर्मचारियों को इसका फायदा होगा। प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार एनएचएम कार्यालय में कमेटी के सदस्यों की बैठक हुई है। फैसला लिया गया कि इन्हें नियमित नहीं किया जाएगा। यह बैठक मिशन निदेशक हेमराज बैरवा की अध्यक्षता में हुई है।
इसमें सरकार की ओर से उप मिशन निदेशक डॉ. कविंद्र लाल, ज्वाइंट कंट्रोलर गोविंद राय, उपनिदेशक डॉ. सोनम नेगी और यूनियन की ओर से अध्यक्ष अमीन चंद उपस्थित रहे।
एनएचएम के कर्मचारियों और अधिकारियों को सेवाएं देते हुए 15 साल से ज्यादा का समय हो गया है। यह स्वास्थ्य विभाग की तर्ज पर लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं दे रहे हैं। इन कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं बंद कर दी थी। ऐसे में सरकार ने इनकी मांगों को लेकर कमेटी गठित की है। यूनियन के अध्यक्ष अमीन चंद ने बताया कि इस ड्राफ्ट से कर्मचारियों को 15 हजार से लेकर 30 हजार तक का फायदा होगा।