हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी के चौंतड़ा के युवा चिकित्सक डॉ. सुरेश राठौर इंडियन क्रिकेट टीम की सेहत का ख्याल रखेंगे। उन्हें बीसीसीआई ने टीम इंडिया का फिजियोथेरेपिस्ट नियुक्त किया है।
वर्ष 2008 में हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन में भी सुरेश बतौर फिजियोथेरेपिस्ट सेवाएं दे चुके हैं। वे अंडर 14, 19 और 23 की टीम के लिए बतौर फिजियोथेरेपिस्ट कार्य कर चुके हैं।
राष्ट्रीय स्तर के शिविरों में कई खिलाड़ियों को गंभीर चोटों से उबार चुके हैं। उनके पिता प्रधान सिंह राठौर बेटे की इस उपलब्धि से बेहद खुश हैं।
डॉ. राठौर प्रदेश के पहले स्पोर्ट्स फिजियोथेरेपिस्ट हैं, जो भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों को फिट रहने के परामर्श, योग, चोटिल होने पर खिलाड़ियों को फिजियो सेवाएं और परामर्श देंगे।
उनकी प्रारंभिक शिक्षा चौंतड़ा में ही हुई और स्नातक तक पढ़ाई बैजनाथ महाविद्यालय से हुई। इसके उपरांत उन्होंने देहरादून से फिजियोथेरेपिस्ट का कोर्स कर स्नातकोत्तर की डिग्री हासिल की।
उन्होंने बीसीसीआई में फिजियोथेरेपिस्ट की परीक्षा भी उत्तीर्ण की। इसके साथ प्रदेश में आयोजित हो चुके आईपीएल, वन-डे और टेस्ट मैचों में डोप टेस्ट की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।
डॉ. राठौर की पत्नी डॉ. मल्विका राणा भी प्रदेश के धर्मशाला में स्पोर्ट्स क्लीनिक संचालित कर रही हैं और खिलाड़ियों को स्वस्थ रहने तथा चोटों से उबरने और फिट रहने के टिप्स दे रही हैं।