यह टीबी के रोग के हो सकते हैं लक्षण, एमओ डॉ. मुध मैतान ने दिए स्वस्थ रहने के टिप्स रोगियों को हर माह पांच सौ भी देती हैै सरकार
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। लगातार खांसी हो रही है और साथ में वजन भी घट रहा है तो अलर्ट हो जाएं। यह लक्षण टीबी रोग के भी हो सकते हैं। ऐसे में लोगों को तुरंत चिकित्सालय में अपनी जांच करवानी चाहिए ताकि समय रहते रोग का इलाज शुरू किया जा सके। यह जानकारी मेडिकल ऑफिसर डॉ. मधु मैतान ने दी।
डॉ. मधु मैतान शहर के अनाडेल स्वास्थ्य केंद्र में शुक्रवार को टीबी मुक्त कमेटी की आयोजित बैठक में बोल रही थी। कमेटी चेयरपर्सन और स्थानीय पार्षद कुसुम सदरेट की अध्यक्षता में हुई बैठक में मेडिकल ऑफिसर डॉ. मधु मैतान ने लोगों का मार्गदर्शन किया।
उन्होंने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को दो हफ्ते से ज्यादा खांसी या बुखार है और वजन घट रहा है तो वह अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर बलगम की जांच करवा सकता है। टीबी होने पर स्वास्थ्य केंद्र से दवाएं निशुल्क मिलती हैं। साथ ही डाइट के तौर पर पांच सौ रुपये महीना पैसा भी मिलता है। टीबी आरोग्य ऐप पर भी लोग इस बीमारी की जानकारी हासिल कर सकते हैं।
प्रोटीन युक्त आहार करें भोजन में शामिल
मेडिकल ऑफिसर डॉ. मधु मैतान कहा कि लोगों को अपने भोजन में हरी सब्जियों और प्रोटीन युक्त भोजन को प्राथमिकता देनी चाहिए। इसके अलावा सुबह के वक्त सैर जरूर करें तथा योग आसन करते रहें। स्मोकिंग और शराब के सेवन से बचें। टीबी रोग से घबराएं नहीं, इससे रोगी पूरी तरह ठीक हो सकता है।
स्कूलों में भी जागरूकता अभियान : सदरेट
पार्षद एवं पूर्व मेयर कुसुम सदरेट ने बताया कि जल्द ही स्कूली बच्चों को इस बीमारी के बारे में जागरूक किया जाएगा। बैठक में अनाडेल उच्च विद्यालय के शिक्षक और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।