कुल्लू की पैराग्लाइडिंग साइट डोभी और गुलाबा में भी अब मानव परिंदे उड़ानें भर सकेंगे। पर्यटन सीजन के दौरान कुल्लू को ये नई सरकारी पैराग्लाइडिंग साइटें मिली हैं। इसकी अधिसूचना भी जारी हो गई है। इन साइटों को मंजूरी मिलने से जहां कुल्लू में साहसिक गतिविधियां बढ़ेंगी।
वहीं, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों में भी इजाफा होगा। कुल्लू आने वाले पर्यटकों में पैराग्लाइडिंग को लेकर काफी रोमांच रहता है, पर्यटक कुल्लू और मनाली आने के बाद पैराग्लाइडिंग करना नहीं भूलते हैं। अब दो नई साइटें मिलने से सैलानी पैराग्लाइडिंग का रोमांच मनाली के गुलाबा और डोभी में पूरा कर सकते हैं।
पिछले पांच माह में उठे ये कदम
पर्यटन की दिशा में पिछले पांच महीने में काफी तेज गति से काम हुआ है। पिछले पांच महीनों में कुल्लू को तीन नई साइटें मिली हैं। अप्रैल के महीने में पीज से ढालपुर के लिए साइट मंजूर हुई थी। पीज से लेकर ढालपुर के लिए इन दिनों नियमित उड़ानें हो रही हैं। सैलानी यहां पर पैराग्लाइडिंग का लुत्फ उठा रहे हैं।
जिले में पैराग्लाइडिंग साइट मढ़ी, मझाच, सोलंगनाला, कोठी, डोभी, नांगाबाग, गड़सा और पीज से ढालपुर साइट में पैराग्लाइडिंग हो रही है। दो नई सरकारी साइटें मिलने से साहसिक गतिविधियां चलाने वाले ऑपरेटरों में भी खुशी का माहौल है।
कुल्लू के डोभी और गुलाबा में दो नई सरकारी पैराग्लाइडिंग साइटें मंजूर हुई हैं। इसकी अधिसूचना भी जारी हो गई है। पैराग्लाइडिंग एसोसिएशनों का गठन पहले ही किया जा चुका है। पैराग्लाइडिंग साइट शुरू होने से स्थानीय लोगों को लाभ मिलेगा।
- सुनैना शर्मा, जिला पर्यटन विकास अधिकारी