हिमाचल के डीजीपी सीताराम मरडी ने लोगों से अपील की है कि वे चोरी-छुपे मिलने वाली देसी शराब का सेवन न करें। यह स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। इससे जान का भी खतरा हो सकता है। डीजीपी ने कहा कि अवैध देसी शराब की हो रही बिक्री पर नकेल कसने के लिए पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए जा चुके हैं। अगर किसी को इसकी सूचना मिले तो वह भी पुलिस के साथ साझा कर सकता है।
डीजीपी ने शुक्रवार को वीडियो संदेश जारी कर पुलिस कर्मियों और अन्य सरकारी अधिकारियों-कर्मचारियों को हिदायत दी है कि वे कर्फ्यू पास या उस दौरान चलने की अनुमति को प्रिविलेज मानकर उसका दुरुपयोग न करें। सरकारी वाहन का भी दुरुपयोग न करें। कहा कि यह बेहद संवेदनशील समय है और लोगों को जिम्मेदारी समझते हुए सरकारी व्यवस्था को बनाए रखने में सहयोग करना चाहिए। बताया कि अभी तक कुल 333 तब्लीगी चिह्नित कर क्वारंटीन किए गए हैं, जबकि उनके संपर्क में आने वाले 58 और लोगों को शुक्रवार तक क्वारंटीन किया जा चुका है।
डीजीपी ने लोगों से अपील की कि वे लॉकडाउन का पालन करें। उन्होंने फिर से लोगों से अपील की कि किसी भी संस्था या लिंक पर क्लिक कर सहायता राशि देने के दौरान होने वाले ठगी के संभावित खतरे को देखते हुए सिर्फ सरकारी संस्थाओं या पीएम केयर व सीएम कोविड सॉलिडारिटी फंड में ही सहयोग राशि स्थानांततिर करें। किसी कॉल या मैसेज व ई-मेल मिलने पर अपने बैंक खाते से जुड़ी जानकारी किसी से भी साझा न करें।