नालागढ़ की पांच और पंचायतों को सील कर दिया गया है। नंदपुर, मझोली, भोगपुर, भटोलीकलां और बरोटीवाला पंचायतों को सील कर दिया गया है। जिला दंडाधिकारी केसी चमन ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। शनिवार को तीन कोरोना पॉजिटिव मामले आने के बाद बीते दिन प्रशासन ने नालागढ़ से दभोटा और नालागढ़ से बघेरी व नालागढ़ से खेड़ा तक क्षेत्र सील कर दिया था।
नालागढ़-रामशहर मार्ग पर मुस्लिम समुदाय के 88 लोग लेबर हॉस्टल के क्वारंटीन केंद्र में रखे गए थे। 46 लोगों के सैंपल लिए गए थे। इनमें 3 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। इसके बाद प्रशासन ने नालागढ़ को सील कर दिया था। फार्मा, साबुन और सैनिटाइजर बनाने वाले उद्योगों से जुड़े वाहनों और सरकारी सेवाओं के वाहनों की ही छूट है।
वहीं राज्य सरकार के फरमान के बाद सिरमौर जिला प्रशासन ने दिल्ली के निजामुद्दीन से लौटे जमातियों के सैंपल लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सोमवार को पुलिस ने क्वारंटीन सेंटर पुरुवाला में रखे 35 में से 15 जमातियों को डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन लाया और उनके सैंपल लेकर जांच के लिए आईजीएमसी स्थित प्रयोगशाला को भेजे हैं।
जबकि तीन अन्य जमातियों के सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए हैं। सभी लोग सैंपलों की रिपोर्ट आने तक नाहन के आईसोलेशन वार्ड में रखे गए हैं। मंगलवार तक सभी के सैंपलों की रिपोर्ट आने की संभावना है। दिल्ली के निजामुद्दीन में मार्च महीने में हुए कार्यक्रम से वापस लौटे जमातियों में कोरोना होने के बाद से हड़कंप मचा हुआ है।
राज्य सरकार ने 15 मार्च के बाद दिल्ली से लौटे लोगों के सैंपल लेना जरूरी कर दिया है। हालांकि, सिरमौर के स्वास्थ्य विभाग ने मेडिकल जांच के बाद करीब 35 लोगों को क्वारंटीन किया है। किसी में भी कोरोना के लक्षण नहीं है। लेकिन, सरकारी आदेशों के बाद अब सभी की जांच करवाई जा रही है।
जिले की विभिन्न मस्जिदों में रह रहे करीब 35 जमातियों को पांवटा साहिब के पुरूवाला में बने क्वांरटीन सेंटर में रखा गया है। अब, स्वास्थ्य विभाग की टीम सभी के सैंपल लैब में भेज रही है। जिससे दिल्ली मरकज से लौटे जमातियों की रिपोर्ट से आश्वस्त हो सकें।
बता दें कि मिश्रवाला क्षेत्रों के दिल्ली मरकज से होकर जमाती लौटे थे। इनमें से अधिकतर का दावा था कि घर पर ही होम क्वारंटीन पर हैं। लेकिन, मरकज से विभिन्न प्रदेशों में लौटे जमातियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद सख्ती बढ़ाई गई है। सोमवार को पांवटा क्वारंटीन सेंटर से सुबह ही 15 जमातियों को नाहन ले जाया गया। सभी को एक बस में मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।
उधर, जमातियों के सैंपल लेने के बाद पूरे मेडिकल कॉलेज और आईसोलेशन वार्ड को सैनिटाइज किया गया। सीएमओ डॉ. केके पराशर ने कुल 18 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजने की पुष्टि की है। बताया कि 15 लोग तारूवाला क्वारंटीन सेंटर से लाए गए थे। जबकि तीन अन्य लोगों के भी सैंपल लिए गए हैं। यह भी जमात से ही लौटे थे।