राजधानी में आज मनेगा रंगों का त्योहार होली, दिल्ली की पंकज एंड पार्टी देगी राधा-कृष्ण नृत्य की प्रस्तुतियां देकर जमाएगी रंग
विज्ञापन
मंदिर में पिचकारियों और वाटर टैंक से होगी रंगों की बौछार
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी में बुधवार को रंगों का त्योहार होली धूमधाम से मनाया जाएगा। शहर में कई स्थानों पर डीजे की धुनों पर होली उत्सव का आयोजन होगा। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) और संजौली के एसपीएम मैदान में डीजे पार्टी के आयोजन की तैयारी है। हर साल यहां हजारों लोग इकट्ठा होकर रंगों का त्योहार मनाते हैं।
शहर के राधा-कृष्ण मंदिर में भी खास तरीके से त्योहार मनाया जाएगा। लोगों की आस्था के केंद्र गंज बाजार के मंदिर में वृंदावन से विशेष रूप से लाए गुलाल के साथ होली खेली जाएगी। इस अवसर पर दिल्ली से आई पंकज एंड पार्टी की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र होंगी। शहर के गंज मंदिर में होली उत्सव की शुरुआत बुधवार सुबह 10:30 बजे से होगी जोकि दोपहर 2:30 बजे तक चलेगा। मंदिर में इस अवसर पर लोगों के लिए विशेष रंगों सहित, पिचकारियों और वाटर टैंक भी मंगवाए हैं जिनसे लोग पूरे उत्साह के साथ होली खेल सकेंगे। दिल्ली से आई पार्टी राधा-कृष्ण की वेशभूषा में तैयार होकर नृत्य की प्रस्तुतियां देंगी। मंदिर में लोगों के लिए डीजे कार्यक्रम का आयोजन भी किया जा रहा है।
विज्ञापन
सनातन धर्म सभा के प्रचार मंत्री सुमन पॉल दत्ता ने बताया कि होली महोत्सव का आयोजन हर वर्ष की तरह ही भव्य और आनंद भरा होगा। पंकज एंड पार्टी की प्रस्तुतियां हर वर्ष लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहती हैं। इसलिए सभा की ओर से हर वर्ष इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। सूद सभा अध्यक्ष राजीव सूद ने बताया कि राम बाजार स्थित सूद सभा के राम मंदिर में होली पर भंडारे का आयोजन भी होगा।
संजौली में होगा डीजे कार्यक्रम
होली पर संजौली के एसपीएम मैदान में भी रंगोत्सव का आयोजन होगा। इस दौरान मैदान में लोगों के लिए डीजे कार्यक्रम का आयोजन भी होगा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10:00 बजे से होगी। कार्यक्रम में हर वर्ष भारी संख्या में युवा और अन्य लोग रंगोत्सव मनाने के लिए आते हैं।