सोनिया के इस दौरे से मुख्यमंत्री ने खुद को अलग कर लिया है।
कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के प्रस्तावित कांगड़ा दौरे पर विवाद खड़ा हो गया है। प्रदेश कांग्रेस सरकार में वरिष्ठ मंत्री जीएस बाली के न्योते पर होने वाले सोनिया के इस दौरे से मुख्यमंत्री ने खुद को अलग कर लिया है। उनका कहना है कि सोनिया का कांगड़ा में सरकार की ओर से कोई कार्यक्रम प्रस्तावित नहीं है, वहीं बाली ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री महान हैं।
परिवहन, खाद्य आपूर्ति और तकनीकी शिक्षा मंत्री जीएस बाली के दावे के मुताबिक कांग्रेस सुप्रीमो सोनिया गांधी की प्रस्तावित रैली पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा है कि हिमाचल सरकार की तरफ से ऐसा कोई भी कार्यक्रम प्रस्तावित नहीं है। उनका (जीएस बाली का) घर का कोई कार्यक्रम हो तो यह अलग बात है।
पत्रकारों के पूछने पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने सोमवार सवेरे मालरोड शिमला में इस बारे में तीखी प्रतिक्रिया दी। सूत्रों की मानें तो परिवहन मंत्री जीएस बाली ने कांगड़ा में इस आयोजन के लिए सोनिया गांधी को न्योता देने से पहले सीएम वीरभद्र सिंह को भी विश्वास में नहीं लिया है। इसी से नाखुश सीएम ने इसे सरकारी नहीं, बल्कि जीएस बाली का घर का कार्यक्रम करार दिया है।