पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने ज्वाली विश्रामगृह में कहा कि कांग्रेस सरकार मेरी संपत्ति की जांच करवाने की बात कर रही है, लेकिन मैंने तो पहले ही उनको पत्र लिखकर कहा था कि प्रदेश में आजतक जितने भी मुख्यमंत्री बने हैं, उनकी संपत्तियों की जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सीडी मामले में शिमला में ही बात करेंगे।
उन्होंने मजाक भरे लहजे में कहा कि मेरी संपत्ति की जांच होती है और अगर कुछ ज्यादा निकलता है तो मैं देने के लिए भी तैयार हूं। नूरपुर भाजपा एकजुट है। इसके लिए आदर्श भारती सेवा समिति ज्वाली के आयोजकों का आभारी हूं, जिन्होंने 10वें राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में समस्त नूरपुर भाजपा को एक मंच पर लाकर खड़ा किया है।
जिला नूरपुर भाजपा के अच्छे दिन आने वाले हैं और आने वाले विस चुनाव में जिला नूरपुर के अंतर्गत आने वाले चारों विस क्षेत्र ज्वाली, नूरपुर, इंदौरा और फतेहपुर से भाजपा के प्रत्याशी जीत का परचम फहराएंगे। प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह घबरा गए हैं तथा भाजपा के खिलाफ दुष्प्रचार कर रहे हैं।
आज प्रदेश में सड़कों का हाल बुरा है, स्कूलों में अध्यापकों के पद खाली हैं, अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी है, लेकिन वीरभद्र सरकार विकास के मामले में नंबर वन होने का दावा करती थक नहीं रही है। कांग्रेस सरकार का अढ़ाई साल का कार्यकाल मेरे खिलाफ केस बनाने में ही गुजर गया है।
वीरभद्र सिंह प्रदेश के विकास की तरफ ध्यान दें। इस मौके पर पूर्व सिंचाई मंत्री रविंद्र रवि, पूर्व विधायक संजय चौधरी, भीखम सिंह पगड़ोतरा, अभिजीत जम्वाल, योगराज मेहरा सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।