हिमाचल प्रदेश में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के समापन पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने प्रदेश सरकार की कई योजनाओं में घोटाले के आरोप लगाए।
उन्होंने कहा कि डिपो में एक तो राशन मिलता नहीं है और अगर मिल भी जाए तो घटिया क्वालिटी का। हर तीन महीने में राशन बदला जा रहा है।
इसमें बड़ा घोटाला होने का अंदेशा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में हुई करारी हार से कोई सबक नहीं लिया है। सरकार के कैबिनेट मंत्री स्वयं स्वीकार कर रहे हैं कि स्किल डेवलपमेंट योजना में बहुत ज्यादा भ्रष्टाचार है।
धारा 118 में संशोधन चंद उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए हो रहा है। हालांकि आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक व चिंतक इंद्रेश बैठक में नहीं पहुंच पाए।
रूसा के लिए संघर्ष करें तेज
बैठक में युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं से आवाहन किया है कि वह न केवल छात्रों से हो रहे अन्याय को उठाएं बल्कि रूसा की वजह से प्रदेश के विद्यार्थियों को जो नुकसान उठाना पड़ा है उसके लिए भी संघर्ष करें।
बैठक में मसला उठा कि सरकार की गलत नीतियों की वजह से प्रदेशभर में तकनीकी संस्थान होने के बावजूद यहां के छात्रों को बाहरी राज्यों में महंगी शिक्षा लेनी पड़ रही है।
भाजपा कार्यसमिति की बैठक के अंतिम दिन पार्टी के प्रदेश प्रभारी बलवीर पुंज ने वसुदेव कुटुंबकम की विचारधारा पर चलने को कहा। कहा कि हिमाचल में भाजपा कार्यकर्ता से यह उम्मीद की जाती है कि वह छुआछूत व धर्म परिवर्तन जैसी बुराइयों से पुरजोर होकर लड़ेंगे।