अनुराग ठाकुर के बीसीसीआई अध्यक्ष बनने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला को टेस्ट मैच के रूप में बड़ा तोहफा मिला है। आईपीएल, टी-20 और वन-डे मैच की मेजबानी के बाद धर्मशाला स्टेडियम को टेस्ट मैच का ही अंतिम पड़ाव पार करना था।
बीसीसीआई ने टेस्ट मैच वेन्यू में अब धर्मशाला स्टेडियम को भी शामिल कर लिया है। धर्मशाला में पहला टेस्ट मैच फरवरी 2017 में होगा। वीरवार को बीसीसीआई ने छह नए टेस्ट मैच वेन्यू की घोषणा की। इसमें धर्मशाला को भी शामिल किया गया।
फरवरी 2017 में भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज का एक मैच धर्मशाला में खेला जाएगा। अनुराग ठाकुर ने धर्मशाला को पहला टेस्ट मैच मिलने पर खुशी जताई और हिमाचल की जनता को इसकी बधाई दी है।
उन्होंने कहा कि धर्मशाला स्टेडियम में अब क्रिकेट प्रेमी टेस्ट मैच का भी लुत्फ उठा सकेंगे। एचपीसीए की कड़ी मेहनत के बाद धर्मशाला स्टेडियम को वर्ष 2015 में टेस्ट मैच का तमगा मिला था।