स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कर्नल धनी राम शांडिल
- फोटो : अमर उजाला
सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ. (कर्नल) धनीराम शांडिल ने राज्य सचिवालय में अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक और विशेष रूप से सक्षम लोगों के सशक्तीकरण के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रमों और कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि सरकार संवेदनशील वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
सरकार अनुसूचित जाति परिवारों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर देने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि समाज के विकास में कोली समुदाय का उल्लेखनीय योगदान है। बैठक में जिला शिमला के रझाणा में कोली समाज सामुदायिक केंद्र के निर्माण की समीक्षा भी की गई। इस केंद्र के निर्माण के लिए निष्पादन एजेंसी हिमुडा को 30 लाख रुपये हस्तांतरित किए हैं। केंद्र को निर्मित करने के दृष्टिगत 28 अगस्त को संयुक्त निरीक्षण टीम ने जगह का जायजा लिया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण के मापदंडों के अनुसार केंद्र का निर्माण शुरू किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को परिसर में स्थित पौधों को उपयुक्त स्थल पर स्थानांतरित करने और परिसर के सौन्दर्यीकरण के लिए पौधरोपण करने के भी निर्देश दिए। इस केंद्र के निर्मित होने से प्रदेश के सभी वर्गों के लोग लाभान्वित होंगे। बैठक में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता सचिव एम सुधा देवी, अतिरिक्त निदेशक नीरज कुमार गुप्ता भी मौजूद रहे।