कांग्रेस पार्टी के केंद्रीय नेता राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द होने पर अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति भड़क गई है। राष्ट्रीय महासचिव मरियम धवले ने रविवार को शिमला में मीडिया कर्मियों से बात करते हुए बताया कि जिस तरह से केंद्र सरकार ने सदस्यता रद्द की है, यह जनवाद पर हमला है।
उन्होंने बताया कि इस तरह के कार्य करके सरकार आज किसी को भी अपने खिलाफ बोलने नहीं देना चाहती है। उनके खिलाफ जो बोलता है, उसे जेल में डाल दिया जाता है। अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति की दो दिवसीय बैठक शनिवार को शिमला में हुई। बैठक में कांग्रेस के केंद्रीय नेता राहुल गांधी की सदस्यता रद्द के बारे में राष्ट्रीय महासचिव मरियम धवले से सवाल पूछा गया था।
इस पर उन्होंने यह भी कहा कि जनवादी महिला समिति की कार्यकर्ताओं पर भी केस है और उन पर भी जुल्म किए जा रहे है। यह तानाशाही है और इसके खिलाफ सभी को आवाज उठानी होगी। इस अवसर पर अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति की राष्ट्रीय अध्यक्ष पीके समेत अन्य कार्यकर्ता शामिल रही।