रोगी कल्याण समिति की बैठक में दी मंजूरी, हर फ्लोर पर लगाया जाएगा अब एक्वागार्ड
क्रॉसर
स्वास्थ्य मंत्री राजीव सैजल ने भी की शिरकत
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजकीय दंत चिकित्सालय एवं महाविद्यालय शिमला में टेस्ट अब महंगी दरों पर होंगे। रोगी कल्याण समिति की शुक्रवार को हुई बैठक में एक्सरे और बायोप्सी टेस्टों के रेट के अलावा अन्य टेस्ट के दामों में 25 से 30 फीसदी तक की बढ़ोतरी करने को मंजूरी दी गई। कई टेस्ट ऐसे भी हैं जिनकी दरें पचास फीसदी तक बढ़ाई गई हैं।
कॉलेज प्रबंधन का दावा है कि वर्ष 2015 के बाद टेस्ट की दरें बढ़ाई गई हैं। डेंटल कॉलेज में शुक्रवार सुबह ग्यारह बजे बैठक शुरू हुई। रोगी कल्याण समिति के चेयरमैन एवं स्वास्थ्य मंत्री राजीव सैजल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सबसे पहले बजट पारित किया गया।
प्रबंधन ने दावा किया कि जो रेट बढ़े हैं वह अन्य डेंटल कॉलेजों से काफी कम है। इसके अलावा बैठक में प्रत्येक फ्लोर पर मरीजों और कॉलेज में काम करने वाले छात्र-छात्राओं को स्वच्छ पानी उपलब्ध करवाने के लिए एक्वागार्ड लगाने की मंजूरी प्रदान की गई। मुख्यमंत्री की घोषणा पर मरीजों को घरद्वार स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध करवाने के लिए मोबाइल वैन खरीदने का फैसला लिया। वैन में डेंटल चेयर भी होगी। इससे ग्रामीण इलाकों में कैंप लगाने में आसानी रहेगी। इसके अलावा स्टाफ बस खरीदने की भी मंजूरी प्रदान की गई है। इस अवसर पर स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी, निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. रजनीश पठानिया, डेंटल कॉलेज प्राचार्य डॉ. आशु गुप्ता, सदस्य सचिव देवेंद्र पॉल, एमएस डेंटल कॉलेज डॉ. नरवीर ठाकुर और समिति के बीस पदाधिकारी शामिल हुए।
दो वित्त वर्ष के बजट को दी मंजूरी
डेंटल कॉलेज की रोगी कल्याण समिति की शुक्रवार को हुई बैठक में वित्त वर्ष 2020-21 के लिए 177 लाख व्यय और 380 लाख आय और वित्त वर्ष 2019-20 के लिए 71.78 लाख व्यय और 175.50 लाख प्रस्तावित आय पर आधारित बजट पारित किया गया।