बोले, छात्रों के रिकार्ड की सुरक्षा के प्रति गंभीर नहीं विवि अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला की वेबसाइट के साथ हुई छेड़ाछाड़ और हैक करने के प्रयास की घटना के विरोध में मंगलवार को एसएफआई ने विवि परिसर में प्रदर्शन किया। एसएफआई कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय की वेबसाइट की साइबर सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए।
इकाई सहसचिव नावेद ने कहा कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर छात्रों को एक संदिग्ध गतिविधि देखने को मिली। इसमें वेबसाइट खोलने पर पाकिस्तान के समर्थकों ने देश के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी के साथ ही कुछ चित्र भी लगाए थे। इसकी पुष्टि हुई तो पता चला कि वेबसाइट को अज्ञात हैकरों ने हैक करने का प्रयास किया है। इससे प्रदेशभर से इन दिनों पीजी प्रवेश प्रक्रिया में आवेदन करने वाले और हिस्सा ले रहे छात्र-छात्राओं को अहम जानकारी वेबसाइट से लेना मुश्किल हुआ। इससे छात्रों का शैक्षणिक डाटा, परीक्षा संबंधी सूचनाएं और प्रवेश प्रक्रिया प्रभावित हुई। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन की वेबसाइट के इस तरह हैक होने से साफ है कि साइट साइबर अटैक की लिहाज से सुरक्षित नहीं रखी थी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्र-छात्राओं को साइट हैक होने या इससे छेड़खानी होने की सूचना तक नहीं दी। प्रदेश के इस प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थान की वेबसाइट का हैक होना एक बड़ा मामला है। इससे जाहिर होता है कि विवि प्रशासन अपनी वेबसाइट और इसमें उपलब्ध छात्र छात्राओं के डाटा की सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है।