कोविड अस्पताल नेरचौक में दाखिल कोरोना संक्रमितों की जान जोखिम में है। यहां ऑक्सीजन सप्लाई प्लांट में खराबी आ गई है। आपातकाल में संक्रमितों तक पाइपों से पहुंचने वाली ऑक्सीजन का प्रेशर मेंटेन नहीं हो पा रहा है। जरूरत के समय लो प्रेशर के चलते ऑक्सीजन रोगी तक नहीं पहुंची तो उसकी जान पर बन सकती है। कोरोना काल में विकट परिस्थितियों में काम कर रहे चिकित्सकों के लिए भी यह चिंता का विषय बना हुआ है।
पहले ही काफी चिकित्सक और स्टाफ कोरोना की चपेट में है। अब ऑक्सीजन सप्लाई प्लांट में खराबी आ गई है। कोविड वार्ड में ड्यूटी देने वाले चिकित्सकों ने अस्पताल प्रबंधन को सूचित कर दिया है। एमएस डॉ. जीवानंद चौहान ने कहा कि स्वास्थ्य सचिव को पत्र लिखकर ऑक्सीजन सप्लाई प्लांट की तुरंत मरम्मत की गुहार लगाई है। इसके लिए टेंडर आदि के नियमों में छूट देने की मांग की है। उधर, सूचना है कि सरकार ने इस मांग को मान लिया है। बता दें कि नेरचौक मेडिकल कॉलेज में कोरोना संक्रमण से मरने वालों का आंकड़ा 150 से पार हो चुका है। सौ से अधिक कोविड रोगी भर्ती हैं।
200 सिलेंडर की रोजाना खपत
कोविड से पहले मुश्किल से दो-तीन दर्जन ऑक्सीजन सिलिंडर ही लगते थे। अब रोजाना नेरचौक मेडिकल कॉलेज में 200 से अधिक सिलिंडर लग रहे हैं। रोगियों की संख्या बढ़ने से ऑक्सीजन की खपत बढ़ सकती है।