प्रदेश में पहली बार स्वामी विवेकानंद जन्मोत्सव पर समारोह होंगे। यह समारोह स्वामी विवेकानंद ट्रस्ट पालमपुर और एबीवीपी की ओर से स्कूल और कॉलेजों में करवाए जाएंगे। इसके लिए करीब साढ़े तीन हजार कॉलेजों और स्कूलों को पत्र लिख दिए गए हैं। प्रदेश स्तर का कार्यक्रम पालमपुर में 12 जनवरी को होगा। 15 नवबंर से 11 जनवरी तक चलने वाले इन कार्यक्रमों में स्वामी विवेकानंद के जीवन पर आधारित भाषण प्रतियोगिता होगी। जिला और प्रदेश स्तर पर होने वाले इन कार्यक्रमों में विजेताओं को नकद इनाम दिए जाएंगे।
उपकेंद्र या जिले से स्कूल और कॉलेजों से आने वाले विजेताओं को प्रथम पुरस्कार 11 हजार, द्वितीय को 7100 और तृतीय स्थान पर आने वाले छात्र को 5100 रुपये दिए जाएंगे। प्रदेश स्तर पर पहले विजेता को 51 हजार, द्वितीय को 31 हजार और तृतीय स्थान पर रहने वाले को 21 हजार का पुरस्कार दिया जाएगा। तीस छात्रों को सांत्वना पुरस्कार के रूप में 2100-2100 रुपये दिए जाएंगे। पुरस्कार वितरण समारोह 12 जनवरी को पालमपुर में होगा।
स्वामी विवेकानंद ट्रस्ट के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने विवेकानंद ट्रस्ट और प्रदेश एबीवीपी ने फैसला लिया है कि इस बार विवेकानंद की शिक्षाओं और उनके विचारों से युवा पीढ़ी को अवगत कराया जाएगा। प्रदेश भर के स्कूलों और कॉलेजों में 15 नवंबर से लेकर 11 जनवरी तक स्वामी विवेकानंद जन्मोत्सव समारोह मनाने का फैसला लिया है। इस मौके पर विक्रम शर्मा, एबीवीपी और आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार, परिषद के प्रदेश अध्यक्ष सुनील ठाकुर, सचिव राहुल राणा मौजूद रहे।
पहले स्कूल स्तर पर होंगे कार्यक्रम
शांता कुमार ने कहा कि पहले यह कार्यक्रम स्कूल स्तर पर स्कूल और कॉलेज प्रबंधन स्वयं करेंगे। उसके बाद वे विजेता बच्चों के नाम एबीवीपी के जिला संगठन को भेजेंगे। जिला (उपकेंद्र) में विजेता बच्चों का नाम प्रदेश स्तर के कार्यक्रम में आएगा। यह कार्यक्रम सीनियर सेकेंडरी स्कूलों और कॉलेजों में होंगे। 12 जनवरी को पालमपुर में होने वाले पुरस्कार समारोह में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज मौजूद रहेंगे।
सभी दलों के विधायकों को लिखा पक्ष:शांता
पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने कहा कि इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए उन्होंने स्वयं सभी दलों की विधायकों को पत्र लिखे हैं। कार्यक्रम में सभी को बुलाया है।