नगर निगम के हरविंगटन चौक स्थित पानी के टैंक में बच्चे का शव होने की सूचना के बाद नगर निगम के अधिकारियों ने सोमवार शाम टैंक का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टैंक को खाली करवा कर जांच की गई। जांच के बाद टैंक में कोई शव नहीं मिला।
अधीक्षण अभियंता धर्मेंद्र गिल, अधिशासी अभियंता जितेंद्र गर्ग और सहायक अभियंता आदर्श भोटा की मौजूदगी में निगम कर्मियों ने टैंक की जांच की। अधीक्षण अभियंता धर्मेंद्र गिल ने बताया कि सूचना के बाद भराड़ी में कलस्टन के पास हरविंगटन टैंक का निरीक्षण किया गया है। टैंक में कोई शव नहीं मिला है।
नगर निगम ने पानी के टैंकों की सफाई के लिए निर्धारित शेड्यूल के तहत इस साल 29 जनवरी और 15 जुलाई को टैंक की सफाई की है। इसी महीने 10 अगस्त को इस टैंक के पानी और भराड़ी में पब्लिक टैप के पानी के सैंपल जांच के लिए भरे गए थे। आईजीएमसी की लैब में पानी के सैंपलों की जांच करवाई गई। 12 अगस्त को आई रिपोर्ट में दोनों सैंपल एक्सीलेंट पाए गए हैं।