बीते एक माह के दौरान दिलीप डोजी ने बॉडी बिल्डिंग की कई प्रतियोगिताओं में मिस्टर हिमाचल के अलावा दूसरे भी कई इनाम हासिल किए। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महिलाओं और पुरुषों की बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में उन्होंने अलग-अलग श्रेणी में तीन रजत पदक जीते हैं।
सिंगापुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में दिलीप डोजी ने अलग-अलग श्रेणियों की स्पर्धाओं में तीन रजत पदक जीतकर देश और हिमाचल का नाम विश्व पटल पर ऊंचा किया है। संतोषगढ़ में गणपति जिम के संचालक दिलीप डोजी पिछले कई सालों से बॉडी बिल्डिंग में काफी मेहनत कर रहे थे। बीते एक माह के दौरान दिलीप डोजी ने बॉडी बिल्डिंग की कई प्रतियोगिताओं में मिस्टर हिमाचल के अलावा दूसरे भी कई इनाम हासिल किए।
विज्ञापन
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महिलाओं और पुरुषों की बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में उन्होंने अलग-अलग श्रेणी में तीन रजत पदक जीते हैं। दिलीप ने आयु वर्ग 40 प्लस मास्टर्स श्रेणी में दूसरा और वेट-वाइज 70-75 किलोग्राम श्रेणी सहित मैन फीजिक 40 प्लस मास्टर्स श्रेणी में भी दूसरा स्थान पाया है। फोन पर दिलीप ने बताया कि सिंगापुर में एफआईएफ के माध्यम से हुई प्रतियोगिता में करीब 22 देशों के महिला एवं पुरुष प्रतिभागियों ने भाग लिया। सिंगापुर, मलयेशिया, थाईलैंड, कनाडा आदि देशों के नामी बॉडी बिल्डर्स पहुंचे हैं। हिमाचल प्रदेश से वह अकेले इस प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं।
उनके साथ पंजाब आदि विभिन्न स्थानों से भारत के कुल आठ बॉडी बिल्डर्स अपनी प्रतिभा दिखाने आए हैं। उन्हें खुशी है कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने तीन श्रेणियों में रजत पदक जीते हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय गुरुजनों, परिवार सदस्यों सहित भगवान को दिया है। दिलीप डोजी इससे पूर्व शिमला, बद्दी और जिला ऊना के बाथू में मास्टर्स बाडी बिल्डिंग प्रतियोगिताओं में मास्टर्स श्रेणी में मिस्टर हिमाचल और नॉर्थ इंडिया का खिताब पा चुके हैं।