धर्मगुरू दलाईलामा ने फिनलैंड के नवनियुक्त प्रधानमंत्री पेटेरी ओरपो को पदभार संभालने पर पत्र लिखकर बधाई दी है। पत्र में धर्मगुरु ने कहा है कि पिछले कुछ वर्षों में वह कई मौकों पर फिनलैंड गए हैं। फिनलैंड के लोगों ने प्रेम और करुणा विकसित करने, मानवता की एकता की सराहना करने और अंतर-धार्मिक सद्भाव के महत्व को स्वीकार करने के बारे में जो कुछ भी कहा है, उसमें दिखाई गई रुचि से वह बहुत प्रभावित हुए हैं। उन्होंने लिखा है कि पूरा विश्व मौजूदा समय में बहुत कठिन दौर से गुजर रहा है।
दुनिया के अधिकांश हिस्सों में लड़ाई-झगड़ों के कारण लोगों को प्रभावित होते देखना बेहद दुखदायी है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय को शांतिपूर्ण तरीकों से ऐसे झगड़ों को हल करने के लिए ठोस प्रयास करने चाहिए। हथियारों से होने वाले नुकसान के स्थान पर आपसी बातचीत ही शांति स्थापित करने का एकमात्र तरीका है। दलाईलामा ने फिनलैंड के नवनियुक्त प्रधानमंत्री की सफलता की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह अपने देश के लोगों की आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा करने के साथ विश्व में शांति स्थापित करने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। आने वाली चुनौतियों का भी सामना करेंगे।