हिमाचल के विधानसभा क्षेत्र हरोली के दुलैहड़ डाकघर में तैनात डाक सेवक के प्रमाण पत्र विभागीय जांच में फर्जी पाए जाने पर डाक सेवक को बर्खास्त कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि युवक ने दसवीं कक्षा के फर्जी प्रमाण पत्र के आधार डाक विभाग में डाक सेवक की नौकरी हासिल की थी। डाक विभाग में मेरिट के आधार पर डाक सेवक की नौकरी पाने के लिए आरोपी ने दसवीं कक्षा का फर्जी प्रमाण पत्र बनाकर ही विभाग की फाइल में लगा दिया, लेकिन नौकरी मिलने के कुछ समय बाद डाक विभाग की ओर से की गई जांच में आरोपी युवक के दसवीं कक्षा का प्रमाण पत्र सही नहीं पाया गया है। इस बारे में जब विभाग ने संबंधित बोर्ड से सत्यापित किया तो विभागीय जांच में पाया गया कि उक्त प्रमाण पत्र संबंधित शिक्षा बोर्ड की ओर जारी नहीं किया गया था।