शिमला में हर रोज आ रही 400 से अधिक शिकायतें
साइबर अपराध के मामले कितना तेजी से बढ़ रहे हैं, इसका अंदाजा इससे ही लगाया जा सकता है कि हर रोज साइबर क्राइम शिमला के 400 से अधिक शिकायतें आ रही हैं। यह शिकायतें प्रदेशभर से प्राप्त हो रही हैं। इसको देखते हुए पुलिस विभाग ने आईक्रेक लैब को विकसित करने का फैसला भी लिया है। इस लैब में आधुनिक उपकरणों और साइबर अपराध के प्रशिक्षित कर्मचारियों की मदद से अपराध के मामलों को सुलझाने का प्रयास किया जाएगा। डीआईजीएमसी साइबर क्राइम मोहित चावला ने बताया कि साइबर अपराध के मामलों में त्वरित कार्रवाई सबसे जरूरी होती है। अपराधी ठगी को अंजाम देने के बारे में एक के बाद दूसरे खातों में राशि को ट्रांसफर करके निकाल लेते हैं। इस वजह से ठगी की रकम को समय रहते होल्ड करने की जरूरत होती है। इसको देखते हुए जिला स्तर पर भी साइबर क्राइम सेल मामलों को सुलझाने के लिए तकनीकी सहायता प्रदान करेगा।