प्रदेश से बाहर और कंटेनमेंट जोन में फंसे हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के छात्रों की अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाएं सीयू प्रशासन अभी नहीं लेगा। इन्हें परीक्षा देने के लिए बाद में मौका मिलेगा। ऐसे विद्यार्थियों को अपने-अपने विभाग के अध्यक्षों को ई-मेल के माध्यम से सूचित करना होगा।
केंद्रीय विश्वविद्यालय ने विभिन्न अध्ययन कार्यक्रमों के अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाएं शुरू की हैं। इस दौरान सीयू प्रशासन ने ऐसे छात्रों की परीक्षाएं बाद में करवाने का फैसला लिया है, जोकि प्रदेश से बाहर हैं या कंटेनमेंट जोन में फंसे हैं। ऐसे छात्रों को स्थिति सामान्य होने पर केंद्रीय विवि अपने शेष पेपरों को देने की सुविधा प्रदान करेगा।
परीक्षा से पहले और बाद में सैनिटाइज होगा हाल
हिमाचल प्रदेश सीयू में शुरू हुए अंतिम सेमेस्टर की यूजी और पीजी विषयों की परीक्षाओं के प्रशिक्षार्थियों को थर्मल स्कैनिंग के बाद हाल में एंट्री दी जाएगी। इसके अलावा परीक्षा हाल को पेपर शुरू होने से पहले और बाद में सैनिटाइज किया जा रहा है।
प्रदेश के बाहर और कंटेनमेंट जोन में फंसे सीयू के छात्रों की परीक्षाएं बाद में ली जाएंगी। छात्रों को इसके लिए अपने-अपने विभागाध्यक्षों को सूचित करना होगा।
- डा. संजीव शर्मा, परीक्षा नियंत्रक, सीयूएचपी