विवादों में आई केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश की पत्रकारिता एवं जनसंचार तथा नवमीडिया विभाग की पीएचडी प्रवेश परीक्षा को रद्द कर दिया गया है। सीयू प्रशासन पर अब जल्द ही इस विषय की प्रवेश परीक्षा की नई तिथि घोषित करेगा। इस प्रवेश परीक्षा के प्रश्नपत्र पर कई परीक्षार्थियों ने सवालिया निशान उठाए थे और इस संदर्भ में सीयू प्रशासन से भी शिकायत की थी। इसके अलावा इस मुद्दे को अमर उजाला समाचार पत्र ने भी प्रमुखता से उठाया था।
इसी के चलते अब सीयू प्रशासन ने इस प्रवेश परीक्षा को रद्द कर दिया है। गौर रहे कि पहली मार्च को हुई प्रवेश परीक्षा में पत्रकारिता विषय में पुराने प्रश्न पत्र के ही 50 प्रश्न दोहरा दिए गए थे। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाए थे कि वर्ष 2017 में पत्रकारिता विषय की पीएचडी प्रवेश परीक्षा में शोध पद्घति से संबंधित एक से 50 नंबर तक प्रश्न आए थे, इस बार भी वही प्रश्न 51 से 100 नंबर तक डाले गए थे।
प्रश्न पत्र के पूछने और ऑप्शन में कोई बदलाव तक नहीं किया गया था। ऐसे में अभ्यर्थियों ने केंद्रीय विवि प्रशासन पर चहेते अभ्यर्थियों को दाखिला देने का आरोप लगाए थे। पीएचडी प्रवेश परीक्षा में 100 प्रश्न पूछे गए थे, जिसमें 50 पत्रकारिता विषय से संबंधित और 50 शोध पद्घति के बारे में पूछे जाते थे। केंद्रीय विवि ने इस बार 24 विषयों की 236 सीटों के लिए प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया था, जिसमें पत्रकारिता विषय की पांच सीटें थीं।
अभ्यर्थियों ने पत्रकारिता विषय की प्रवेश परीक्षा को रद्द करने की मांग उठाई थी। वहीं पुष्टि करते हुए केंद्रीय विवि हिमाचल प्रदेश के परीक्षा नियंत्रक संजीव शर्मा ने बताया कि अभ्यर्थियों की शिकायत के बाद इस परीक्षा को रद्द कर दिया गया है। पीएचडी प्रवेश परीक्षा की नई तिथि को जल्द ही घोषित कर दिया जाएगा।