आखिरकार किन्नौर पुलिस ने युवक की हत्या का मामला सुलझा ही लिया। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ और मृतक का सगा भाई ही सलाखों के पीछे पहुंच गया। जानकारी के अनुसार किन्नौर जिले के कोठी गांव में 26 फरवरी को हुए युवक ज्योति प्रकाश हत्याकांड का मामला सुलझ गया है।
ज्योति प्रकाश के सगे छोटे भाई अमर प्रकाश ने उसकी हत्या की। पुलिस पूछताछ में उसने हत्या को कबूल कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को 16 मार्च को गिरफ्तार किया था। इसके बाद 19 मार्च को अमर प्रकाश (29) ने पुलिस के सामने माना कि उसने ही बड़े भाई ज्योति प्रकाश को मारा था।
पूछताछ के दौरान उसने कहा कि उसका बड़ा भाई ज्योति प्रकाश (31) नशे की हालत में धुत होकर कहीं से चिल्लाते हुए आ रहा था। उसने बाहर आकर अपने भाई से चिल्लाने का कारण पूछा।
बहसबाजी के बाद की थी पिटाई, फिर ठिकाने लगाई लाश
इस पर दोनों में मारपीट शुरू हो गई। लड़ाई इतनी बढ़ गई कि छोटे भाई ने उसे डंडे से पीट-पीट कर मार ही दिया। मरने के बाद उसकी लाश को घर से कुछ ही दूरी पर ले जाकर वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के पास नीचे गिरा दिया।
हालांकि पुलिस ने आरोपी से उस डंडे को भी बरामद किया है, जिससे ज्योति प्रकाश को मारा था। मामले को सुलझाने के लिए किन्नौर पुलिस की टीम डीएसपी किन्नौर बीडी भाटिया, डीआई रोहित मृगपुरी, थाना प्रभारी रधुवीर भोगल और चौकी प्रभारी कल्पा ज्ञान सिंह व महिला आरक्षी भजना नेगी की टीम को 22 दिन का समय लगा।
एसपी रोहित मालपानी ने मामले की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि पुलिस ने सारे तथ्यों को जुटाने के बाद मामले में ज्योति प्रकाश के सगे छोटे भाई को गिरफ्तार किया। उन्होंने कहा कि आरोपी ने हत्या करने की बात को भी कबूला है। आरोपी को सोमवार को रामपुर की अदालत में पेश किया जा रहा है।