हिमाचल के मंडी जिला के सरकाघाट में शुक्रवार देर रात करीब 11: 45 पर भांवला गांव में बस और बाईक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इससे बाईक सवार की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान 25 वर्षीय इरशाद पुत्र नोशे अली के रूप में हुई है जो यूपी के मुरादाबाद जिला के डकराणू गांव का रहने वाला था। पुलिस के अनुसार इरशाद अपने अन्य साथियों के साथ बलद्वाड़ा में रहता था और यहां पर मजदूरी का काम करता था।
बीती रात वह किसी काम से जाहू गया था। जब वह अपनी बाईक एचपी 28, 3918 पर भांवला पुल के पास पहुंचा तो सामने से आ रही कुल्लू डिपो की एचआरटीसी की बस एचपी 72 ए 5524 के साथ उसकी भिडंत हो गई। यह बस मनाली से अमृतसर जा रही थी।
बताया जा रहा है कि इरशाद ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था लेकिन स्थानीय लोगों की मदद से उसे निजी वाहन से सरकाघाट अस्पताल पहुंचाया गया मगर यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कर दिया गया है। इसे परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस ने एचआरटीसी बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शरू कर दी है। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक को भी गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, बस में सवार लोगों को दूसरी बस के जरिए रवाना कियास गया। डीएसपी सरकाघाट मदन धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना की जांच पड़ताल जारी है।