हिमाचल के सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में बजाज फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में गुस्साए एक युवक ने खूब हंगामा किया। कार्यालय के बाहर ताला लगाकर करीब आधा घंटा तक लोगों को अंदर बंद कर दिया। इस दौरान 12 कर्मचारी और 5 ग्राहकों समेत 17 लोग भीतर थे। सूचना मिलने पर पांवटा थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद उपभोक्ता से ताला खुलवाया और अंदर से लोगों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।
सूत्रों के अनुसार एक 25 वर्षीय उपभोक्ता ने बजाज फाइनेंस कंपनी से करीब 31863 हजार का एक मोबाइल फाइनेंस करवाया है। यह फोन छह माह पहले लिया था, लेकिन अब मोबाइल खराब हो गया। इसके बाद युवक ने कंपनी से मोबाइल का क्लेम करने के लिए आवेदन किया। आनाकानी करने पर गुरुवार शाम को युवक कार्यालय में पहुंच गया। वह जब कंपनी अधिकारियों और कर्मचारियों की बात से संतुष्ट नहीं हुआ तो कार्यालय में बाहर से ताला जड़ दिया। इस दौरान भीतर ही कंपनी के 12 कर्मचारी व 5 उपभोक्ताओं समेत कुल 17 लोग फंस गए।
बात बिगड़ने पर बजाज फाइनेंस कंपनी के स्थानीय मैनेजर मनीष मौर्य ने पुलिस को सूचना दी। पांवटा थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और किसी तरह से कार्यालय का ताला खुलवाया। पुलिस ने बंधक बनाने वाले युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। देर शाम को खबर लिखे जाने तक पूछताछ जारी थी। उधर, डीएसपी पांवटा साहिब सोमदत्त ने बताया कि सूचना मिली थी। इसके बाद टीम को मौके पर भेज दिया गया। एक कंपनी में युवक ने ताला लगाकर बंदी बना लिया था। मौके पर पहुंचकर पुलिस टीम ने कार्यालय का ताला खुलवाया। कार्यालय में बंदी बनाए गए लोगों को बाहर निकाला गया।