घोड़ा चौकी में एक निर्माणाधीन भवन में आग लगने से दो युवक जिंदा जल गए। आग कब और कैसे लगी, यह पुलिस के लिए रहस्य बनी हुई है।
इनकी पहचान नेत्र सिंह (20) और दिनेश (25) निवासी गांव भटवार डाकघर कोट टिक्कर तहसील शिलाई जिला सिरमौर के तौर पर हुई है।
नेत्र सिंह घोड़ा चौकी में एक निजी होटल हरि पैलेस में वेटर था। दिनेश मजदूरी का काम करता था। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन दस्ता मौके पर पहुंच गए थे। आग लगने के कारण अभी पता नहीं चल पाया है।
रात दो बजे लगी आग
रात करीब दो बजे किसी ने मकान से धुंआ उठता हुआ देखा। इसकी सूचना पुलिस और अग्निशमन दस्ते को दी।
अग्निशमन दस्ते ने आग पर काबू किया। भीतर जब दाखिल हुए तो दोनों युवकों के शव बुरी तरह से जल चुके थे। हर सामान जल गया था। फिलहाल पुलिस इस नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है कि यह हत्या है या फिर हादसा।
हालांकि पुलिस का दावा है कि इन युवकों की किसी के साथ कोई दुश्मनी थी ऐसी अभी कोई बात जांच में सामने नहीं आई है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक दुल्लर ने कहा कि हर पहलू पर मामले की छानबीन की जा रही है।
हत्या या हादसा, जांच में जुटी पुलिस
शुरूआती जांच में पुलिस मामले को हादसे के तौर पर देख रखी है। फोरेंसिक टीम ने मौके का मुआयना कर घटना के कारणों के साक्ष्य जुटाए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी अस्पताल ले जाया गया है।
पुलिस के मुताबिक हादसा पूजा काटेज के साथ निर्माणाधीन भवन में हुआ। यह भवन भी हरि पैलेस के मालिक का ही बताया जा रहा है। नेत्र सिंह इस होटल में काम करता था।
होटल से छुट्टी होने के बाद इस निर्माणाधीन भवन के एक कमरे में जाकर सो जाता था। वीरवार रात को उसके साथ दिनेश भी था।