कागड़ा में दो अज्ञात युवकों ने तहसीलदार की पिटाई कर डाली। मौका देखकर दोनों आरोपी फरार हो गए। जसवां के तहसीलदार के साथ गाली-गलौज और मारपीट के आरोप में दो अज्ञात युवकों पर मामला दर्ज हुआ है।
तहसील कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर तहसीलदार को आरोपियों से छुड़ाया। इसी बीच, मौका देखकर आरोपी फरार हो गए। घटना उस समय हुई, जब तहसीलदार अपने कार्यालय से लौट रहे थे। शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वीरवार शाम को करीब पौने पांच बजे जसवां के तहसीलदार रामेश्वर दास अपने कार्यालय से बाहर निकले। तहसील परिसर के मुख्य गेट पर एक जीप खड़ी थी।
उन्होंने जीप को मुख्य गेट से हटाने के लिए कहा। इस पर जीप में बैठे दो युवक उतरे और तहसीलदार के साथ गालीगलौज और मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर तहसील के अन्य कर्मचारी बाहर निकले और तहसीलदार को छुड़ाया। तहसीलदार का आरोप है कि दोनों युवक नशे की हालत में थे।
तहसीलदार रामेश्वर दास ने पुलिस को सौंपे शिकायत पत्र में अपनी जान को खतरा बताया है। उन्होंने पुलिस से तहसील परिसर में दो सुरक्षा कर्मी तैनात करने की मांग की है।
उनके अनुसार तहसील परिसर में उन्हें और कर्मचारियों की जान को खतरा है। उधर, डीएसपी बीडी भाटिया ने बताया कि पुलिस ने तहसीलदार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। जांच जारी है। दोनों अज्ञात युवकों की तलाश जारी है।