रॉयल चैलेंजर और किंग्स इलेवन पंजाब के आईपीएल मैच पर सट्टेबाजी करते दो लोगों को पुलिस के विशेष जांच दल (एसआईयू) ने सोलन के कंडाघाट में गिरफ्तार किया है। एसआईयू ने मौके से एक एलईडी, आठ मोबाइल, पांच चार्जर, एक कैलकुलेटर और सट्टेबाजी से जुड़े कुछ दस्तावेज बरामद किए हैं।
दोनों आरोपियों की पहचान नरेश कुमार निवासी धोबीघाट और सचिन मेहता निवासी चंबाघाट के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक अंजुम आरा ने इसकी पुष्टि की है। एसआईयू के प्रभारी अश्वनी ठाकुर ने बताया कि उन्हें लगातार सट्टेबाजी की सूचना मिल रही थी। उन्होंने बताया कि आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ना चाहते थे, इसीलिए पूरी तैयारी के साथ शुक्रवार रात इनके ठिकाने पर दबिश दी गई।
उन्होंने बताया कि सट्टेबाजी से जुड़े कागज भी बरामद हुए हैं। इसमें एक गिरोह सक्रिय होने की आशंका है। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में कुछ खुलासा हो सकता है। उन्होंने बताया कि एसआईयू में उनके अलावा हेड कांस्टेबल राजेश कंवर, मनी पाल और महिला आरक्षी रजनी भी शामिल रहीं।