बागवानों से ठगी कर बिना पैसा दिए सेब ले जाने वाले आढ़तियों के बाद अब सीआईडी ने लदानियों (सेब खरीददार) पर भी शिकंजा कस दिया है। सीआईडी ने सोलन के एक बागवान से 25 लाख रुपये का सेब ले जाने और पैसा न देने वाले महाराष्ट्र के दो लदानियों को गिरफ्तार किया है। दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
बागवानों से धोखाधड़ी के नब्बे से ज्यादा मामलों की जांच में जुटी सीआईडी की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की है। एसआईटी ने सोलन के एक बागवान व आढ़ती से सेब लेकर जाने के बाद पैसा न चुकाने वाले महाराष्ट्र के मालेगांव निवासी शेख तौसिफ और सलीम पटेल नाम के दो लदानियों को गिरफ्तार किया है। दोनों ही लंबे समय से आढ़ती को पैसा देने के बजाय टाल मटोल कर रहे थे।
एसआईटी प्रभारी एएसपी वीरेंद्र कालिया ने बताया कि कई ऐसे मामले सामने आए हैं जिनमें आढ़ती से सेब खरीदने वाले लदानी (व्यापारी) ही पैसे नहीं चुका रहे हैं। इससे आढ़ती भी बागवान को पैसे नहीं चुका पा रहे। इसी वजह से अब उन व्यापारियों को भी गिरफ्तार करने की कवायद की जा रही है जो पैसा चुकाने को तैयार नहीं हैं।
उल्लेखनीय है कि हाईकोर्ट की सख्ती के बाद डीजीपी सीताराम मरडी ने बागवानों से ठगी मामले की जांच के लिए सीआईडी की एसआईटी गठित की है। एसआईटी अब तक शिमला से जुड़े मामलों में एक दर्जन से ज्यादा आढ़तियों की गिरफ्तारी कर चुकी है। शिमला के बाद अब सोलन के बागवानों से ठगी मामले में यह पहली गिरफ्तारी है।