शिमला के ठियोग उपमंडल के खटलाले कंडाघाट में एक ट्रक गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा देर रात हुआ जिस वजह से इसका पता नहीं चल पाया। इसकी सूचना पुलिस को सुबह लगी।
यहां घास काटने गई महिला ने पंचायत प्रधान लोकेंद्र चंदेल को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दोनों युवकों के शवों को स्थानीय लोगों की मदद से ढांक से बाहर निकला। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम होने के बाद परिजनों का सौंप दिए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ट्रक नंबर एचपी 24 बी9425 धर्मपुर से बिलासपुर जा रहा था। अचानक यह अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। ट्रक में सवार योगेंद्र ऊर्फ निटू पुत्र सूरत राम गांव गोल्टू डाकघर धर्मपुर ठियोग और राजेश कुमार उर्फ संजू पुत्र जीत राम बेक्टा देवरीघाट पंचायत ठियोग की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने स्थानीय लोग और जवानों की मदद से शव निकाले। पुलिस का कहना है कि दोनों युवकों के शव ढांक में लटके हुए थे। इस कारण शव निकालने में कड़ी मश्क्कत करनी पड़ी। डीएसपी रतन सिंह नेगी ने बताया कि ट्रक गहरी खाई में गिरने से दो युवकों की मौत हो गई है।