एचआरटीसी हमीरपुर डिपो के एक चालक से तीन बाइक सवारों ने मारपीट की। पुलिस ने चालक की शिकायत पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार लालचंद निवासी चौकी, कनकरी ने शिकायत दर्ज करवाई है कि वह हमीरपुर एचआरटीसी डिपो में बतौर चालक कार्यरत है। 10 अप्रैल वीरवार को बस लेकर हमीरपुर से टिक्कर वाया लंबलू रूट पर गया था।
साथ में परिचालक सुरेंद्र कुमार था। जब वह दोसड़का से आगे बडू़ पेट्रोल पंप से थोड़ा पीछे पहुंचा तो एक मोटरसाइकिल सवार आया। मोटरसाइकिल पर तीन युवक सवार थे।
उन्होंने मोटरसाइकिल को बस के आगे खड़ा कर दिया। उसने बस से उतर कर मोटरसाइकिल को साइड में खड़ा करने को कहा।
इस पर उन्होंने लात घूंसों से उसकी पिटाई शुरू कर दी। मारपीट के दौरान उसे चोटें आई हैं। एसपी वीना भारती का कहना है कि पुलिस ने मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।