चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर नाके के दौरान पुलिस ने एमबीबीएस प्रशिक्षु और दो आईटीआई छात्रों से 6.1 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। सभी छात्र मंडी के हैं, लेकिन प्रदेश से बाहर पढ़ाई कर रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार की कार्रवाई शुरू कर दी है।
सोमवार रात करीब दो बजे सुंदरनगर थाने की टीम ने मुख्य आरक्षी गिरधारी लाल के नेतृत्व में पुंघ बैरियर पर नाका लगा रखा था। इसी दौरान चंडीगढ़ की तरफ से आ रही एक कार (एचपी82/3055) को पुलिस ने जांच के लिए रोका।
कार में सवार युवकों की तलाशी ली तो 6.1 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने कार सवार तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया है। आरोपियों की शिनाख्त नवीन (29) निवासी डडौर (बल्ह), विजय कुमार (23) गांव भंगरोटू और अंकित कुमार (19) निवासी पधिऊ (मंडी) के रूप में हुई है।
थाना प्रभारी गुरबचन सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपियों की कार को भी कब्जे में ले लिया है। तीनों को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है।