हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना एक सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में तैनात शारीरिक शिक्षक (डीपीई) ने सातवीं कक्षा के छात्र को महज इसलिए पीट दिया कि वह कागज का जहाज बनाकर खेल रहा था।
आरोप है कि पीटीए पर तैनात डीपीई ने पहले तो छात्र को मुर्गा बनाया उसके बाद उसकी पीठ पर मुक्का दे मारा, जिससे छात्र की रीढ़ की हड्डी में चोट आई है। परिजनों ने उसे ऊना क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती करवाया है। डाक्टरों ने छात्र के एक्सरे लिए हैं। परिजनों की शिकायत पर गगरेट पुलिस चौकी ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
उधर, प्रधानाचार्य ने मामले में जांच बिठा दी। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुठेड़ा जसवाला में हुए वाकया के बाद स्थानीय पंचायत प्रधान और परिजनों ने वीरवार को स्कूल पहुंच कर प्रधानाचार्य से इस मामले में सख्त कार्रवाई करने की मांग की। डीएसपी अंब जितेंद्र चौधरी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।